अयोध्या। जिला अस्पताल के ईएनटी (नाक कान गला) विभाग में जल्द ही बेरा (ब्रेनस्टेम इवोक्ड रिस्पॉन्स ऑडियोमेट्री) मशीन स्थापित होगी। शासन ने इसके लिए 12.54 लाख रुपये स्वीकृत किया है। मशीन लगने से दिव्यांगताप्रमाण पत्र की राह आसान होगी, साथ ही मूकबधिरों को यहीं पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।
जिला अस्पताल के ईएनटी विभाग में श्रवण बाधित बच्चों और मरीजों की बड़ी संख्या पहुंचती है। यहीं पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर आयोजित होते हैं। खासतौर से श्रवण बाधितों के बहरेपन की जांच के लिए बेरा मशीन की जरूरत होती है, जिसकी सुविधा सिर्फ मेडिकल कॉलेज में है। ऐसे में इलाज व प्रमाणपत्र दोनों के लिए लोगों को मेडिकल कॉलेज का चक्कर लगाना पड़ता है। जांच रिपोर्ट मिलने में समय लगने से प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी प्रभावित होती थी।
इसी परेशानी को देखते हुए 16 जून को शासन के संयुक्त सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को दिव्यांगता परीक्षण के लिए प्रदेश के 54 जिलों में बेरा मशीन खरीदने की स्वीकृति दी है। इनमें अयोध्या का नाम भी शामिल है। मशीन स्थापित होने से बच्चों में सुनने की क्षमता का सटीक परीक्षण जिला अस्पताल में ही किया जा सकेगा। इससे श्रवण दिव्यांगता के निर्धारण में आसानी होगी और मरीजों को बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है बेरा मशीन
बेरा मशीन कान से मस्तिष्क तक ध्वनि संकेतों की प्रतिक्रिया को मापने वाली जांच है। नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की सुनने की क्षमता का आकलन करने में सबसे उपयोगी मानी जाती है। बोलकर अपनी समस्या नहीं बता पाने वाले बच्चों की भी इससे जांच होती है। श्रवण दिव्यांगता के वैज्ञानिक मूल्यांकन और दिव्यांगता प्रतिशत तय करने में यह मददगार है।
दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने में सहायक है।
वर्जन...
बेरा मशीन की स्वीकृति की जानकारी मिली है। उच्चाधिकारियों व शासन के निर्देश पर मशीन स्थापित कराई जाएगी। इस जांच से बच्चों में समय रहते श्रवण दोष की पहचान होने पर उपचार, स्पीच थेरेपी और पुनर्वास जल्दी शुरू किया जा सकता है।
-डॉ. राजेश सिंह, प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल