अयोध्या। उत्तर प्रदेश क्रिकेट के उभरते खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने वाली यूपी टी-20 लीग के लिए शुक्रवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में अयोध्या जोन के अलावा लखनऊ, बाराबंकी और आसपास के जिलों से करीब 400 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में चयनकर्ताओं के सामने अपनी क्षमता साबित करने का प्रयास किया।
ट्रायल का संचालन गोरखपुर लॉयन्स फ्रेंचाइजी की ओर से किया गया। चयनकर्ता मन्नू कुमार ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन किया। ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को अब दूसरे चरण के ट्रायल के लिए नोएडा बुलाया जाएगा। वहां अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल खिलाड़ियों को आगामी यूपी टी-20 लीग में खेलने का अवसर मिलेगा।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव उमेर अहमद ने बताया कि ट्रायल शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। खिलाड़ियों में लीग को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच बन चुकी है। यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सामने पेशेवर क्रिकेट और बड़े स्तर पर खेलने के नए अवसर खुलते हैं।