23- जिला स्तरीय युवा उत्सव की समूह नृत्य प्रतियोगिता में प्रस्तुति देते प्रतिभागी- सूचना विभाग
अयोध्या। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग ने रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया। इस दौरान समूह नृत्य, समूह गीत, पेंटिंग, डिक्लेमेशन, कहानी लेखन और कविता लेखन में युवा प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति दी। विजेताओं को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि युवा राष्ट्र की ऊर्जा हैं। आज के युवा केवल प्रतियोगिताओं में ही नहीं, बल्कि तकनीक, कला, विज्ञान, खेल और संस्कृति में अपनी पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में युवाओं के लिए नए अवसर और मंच उपलब्ध हो रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। विधायक ने युवाओं की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी को भी देखा।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने युवाओं को सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम संयोजक रोशनी श्रीवास्तव की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. रचना श्रीवास्तव, डॉ. सरिता सिंह, डॉ. गरिमा सिंह और डॉ. निखिल सहित अन्य जूरी सदस्यों ने किया। संचालन देवेश मिश्र ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अभिषेक चौबे, मनोहर उपाध्याय, ललित तिवारी, राहुल सहित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।