फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: बिजली संकट पर फूटा आक्रोश, नियांवा फीडर पर प्रदर्शन

Fri, 31 May 2024 01:05 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
नियांवा फीडर पर प्रदर्शन करते बच्चे व अन्य।  - फोटो : संवाद
विज्ञापन
अयोध्या। पिछले तीन दिन से जिले में बरकरार बिजली संकट पर बृहस्पतिवार को लोगों का आक्रोश फूट गया। नियांवा बिजली घर से जुड़े इलाकों में ट्रिपिंग व बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बच्चों के साथ बिजली घर पर पहुंचकर अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। वहीं, शहर के वीआईपी इलाकों से लेकर देहात तक में बिजली संकट पर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। साथ ही लगातार आ रहे फाल्ट को ठीक करने में बिजली कर्मियों के पसीने छूट रहे हैं।
विज्ञापन

नियांवा बिजली घर से जुड़े क्षेत्रों में पिछले तीन दिन से बिजली ट्रिपिंग हो रही है। थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली कटौती से आजिज आकर बृहस्पतिवार की दोपहर बच्चों के साथ स्थानीय लोग बिजली घर पहुंचे और अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। फिर भी निर्बाध आपूर्ति की मांग को लेकर काफी देर तक उनका प्रदर्शन जारी रहा।
14 घंटे तक गुल रही बिजली से मचा हाहाकार
सिविल लाइन बिजली घर से जुड़े डिफेंस कॉलोनी में रात लगभग 11 बजे बिजली गुल हो गई। लगभग एक घंटे बाद बिजली आई तो आधे घंटे बाद फिर गायब हो गई। इसके बाद लोग रात भर छतों पर बैठे व घर के बाहर निकलकर बिजली का इंतजार करते रहे, लेकिन बिजली के दर्शन नहीं हुए तो वह बिजली घर पहुंचे। वहां पता चला कि सभी कर्मचारी 33 केवी लाइन में आई फाल्ट दुरुस्त करने में व्यस्त हैं। इसलिए कर्मचारियों के अभाव में दिन में ही मरम्मत हो सकेगी। निराश होकर लोग लौट आए और दोपहर तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई। शेषमणि दुबे ने बताया कि छोटा बच्चा रात भर गर्मी में व्याकुल रहा। कार में एसी चलाकर किसी तरह रात बिताई। विपिन कुमार ने बताया कि पिछले तीन दिन से यही समस्या है। बड़ी मुश्किल से रात बीत रही है।
विज्ञापन

सिविल लाइन के कई इलाकों में रही समस्या
सिविल लाइन के मुकेरी टोला निवासी अभिषेक सावंत ने बताया कि शाम से कई बार लाइट कटी। रात में वोल्टेज इतना कम था कि बल्ब भी नहीं जल सकता था। तीन दिन से यही हालत होने के बावजूद समस्या का स्थायी निदान नहीं हो रहा है। यहीं के रेलवे कॉलोनी निवासी शिक्षिका आदर्श दुबे ने बताया कि रात में लगभग 10 बजे बिजली चली गई और बीच-बीच में तीन बार दो-दो मिनट के लिए आई। फिर सीधे दो बजे रात में आपूर्ति बहाल हुई। तब तक छोटे-छोटे बच्चों को लेकर गर्मी में सभी छटपटाते रहे। हौसलानगर निवासी अनंत प्रताप सिंह ने बताया कि रात भर बिजली की आवाजाही से हालत खराब रही। कई बार अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन मरम्मत नहीं हो सकी। हाइडिल कॉलोनी, कंधारी बाजार व रिकाबगंज में भी ऐसा ही हाल रहा।
अमानीगंज में लो वोल्टेज की समस्या
अमानीगंज बिजली घर से जुड़े इलाकों में भी बिजली संकट रहा। कृष्णा शुक्ला ने बताया कि तीन दिन से वोल्टेज हाई-लो हो रहा है। कोई भी उपकरण नहीं चल पा रहा है। रात में सभी लोग बिजली घर पहुंचे और जेई-एसडीओ को फोन करने लगे, लेकिन किसी का फोन नहीं उठा।
आठ घंटे व्याकुल रहे ग्रामीण
बिजली उपकेंद्र बीकापुर के ग्राम पंचायत रामपुर भगन और आसपास के गांवों में बुधवार की दोपहर तीन बजे से रात 11 बजे तक बिजली न आने से लोग व्याकुल हो गए। अवर अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि उपकेंद्र के फीडर पर केबिल जलने से खराबी आई थी।
बढ़ाई जा रही क्षमता
रात में सिविल लाइन पॉवर हाउस की आपूर्ति बंद हो गई थी। इसलिए सारा स्टाफ उसे दुरुस्त करने में लगा था। इस वजह से समस्याएं होने के बावजूद इनका समाधान होने में विलंब हो गया। डिफेंस कॉलोनी, मुकेरी टोला समेत कई जगहों पर ट्रांसफार्मर की क्षमता भी बढ़ा दी गई है। अन्य जगहों पर क्षमता वृद्धि का कार्य चल रहा है। इस वजह से थोड़ी दिक्कत भी आ रही है। - अनुराग शर्मा, एसडीओ, सिविल लाइन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें