अयोध्या। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को अरकुना में संचालित न्यू श्रीराम सरस्वती मेडिकल सेंटर का निरीक्षण किया तो खामियों का अंबार मिला। सीएमओ के निर्देश पर अस्पताल की ओटी और लेबर रूम को सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाईयों से निजी अस्पताल संचालकों में हलचल तेज है।
शनिवार दोपहर सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान के नेतृत्व में निकली स्वास्थ्य विभाग की टीम न्यू श्रीराम सरस्वती मेडिकल सेंटर अरकुना पहुंची। यहां अस्पताल मानक विहीन मिला। मेडिकल कचरा निस्तारण के समुचित प्रबंध नहीं मिले। पाइल्स के ऑपरेशन का एक मरीज भर्ती मिला। अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक नदारद रहे। अस्पताल संचालक, फार्मासिस्ट और स्टाफ नर्स मौजूद रहे। फार्मासिस्ट की डिग्री नहीं दिखाई जा सकी। ऑपरेशन में लगने वाला सूचर एक्सपायर मिला। ओटी में संक्रमण की रोकथाम के आवश्यक इंतजाम भी नहीं किए गए थे।
सीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि कई अन्य खामियां मिलने पर अस्पताल के ओटी लेबर रूम को सील किया गया है। ऑपरेशन के लिए कोई मरीज भर्ती करने पर रोक लगाई गई है। जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक रामप्रकाश पटेल, डॉ. हम्माद, डीसीपीएम अमित कुमार, योगेंद्र नारायण तिवारी आदि मौजूद रहे।