अयोध्या। रामनगरी के श्रद्धालुओं के लिए आईआरसीटीसी ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की दो विशेष यात्राओं की घोषणा की है। इन दोनों ट्रेनों का ठहराव अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर भी होगा, जिससे अयोध्या और आसपास के जिलों के श्रद्धालु बिना गोरखपुर जाए सीधे इस विशेष ट्रेन में सवार होकर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।
आईआरसीटीसी के अनुसार पहली यात्रा 31 जुलाई से 11 अगस्त तक 11 रात और 12 दिन की होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर, रामनाथस्वामी मंदिर (रामेश्वरम), मीनाक्षी मंदिर (मदुरै), कन्याकुमारी तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। वहीं दूसरी यात्रा 17 अगस्त से 26 अगस्त तक 9 रात और 10 दिन की होगी। इस पैकेज में महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, नागेश्वर और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भ्रमण शामिल है।
दोनों यात्राओं के लिए ट्रेन गोरखपुर से चलकर मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, झांसी और ललितपुर सहित विभिन्न स्टेशनों से यात्रियों को साथ लेकर रवाना होगी। इससे अयोध्या के श्रद्धालुओं को अपने शहर से ही इस धार्मिक यात्रा का लाभ मिल सकेगा। आईआरसीटीसी की ओर से जारी जानकारी में यात्रा पैकेज में स्लीपर, 3 एसी और 2 एसी श्रेणियों में रेल यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, सुबह का नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शुद्ध शाकाहारी भोजन तथा एसी एवं नॉन-एसी बसों से स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण शामिल रहेगा।
दक्षिण भारत यात्रा के लिए स्लीपर श्रेणी का किराया 23,560 रुपये, 3 एसी का 39,100 रुपये और 2 एसी का 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। वहीं चार ज्योतिर्लिंग व स्टैच्यू ऑफ यूनिटी यात्रा के लिए स्लीपर का किराया 18,380 रुपये, 3 एसी का 29,570 रुपये और 2 एसी का 38,870 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। आईआरसीटीसी ने यात्रियों को एलटीसी और ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।