राम मंदिर में दर्शन करने जाते श्रद्धालु।
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान पेटिका प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी अयोध्या पहुंच चुकी है और मामले की पड़ताल शुरू हो गई है। दूसरी ओर रामनगरी में श्रद्धा और आस्था का प्रवाह पहले की तरह निरंतर जारी है। जांच की चर्चाओं के बीच भी रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। मंदिर परिसर में दिनभर जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन मार्ग पर दिखाई देती रहीं।
राम मंदिर प्रशासन के अनुसार इन दिनों प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। सोमवार को अमावस्या के अवसर पर करीब 90 हजार श्रद्धालुओं ने रामलला के दर्शन किए। मौसम में उतार-चढ़ाव के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। राम मंदिर से जुड़े दान प्रकरण की जांच भले ही सुर्खियों में हो, लेकिन श्रद्धालुओं के बीच इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे श्रद्धालुओं का कहना है कि उनकी आस्था भगवान श्रीराम में है और उन्हें विश्वास है कि जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले अधिकतर श्रद्धालु व्यवस्था को लेकर संतुष्टि भी जता रहे हैं।
गर्मी और उमस के बावजूद सुबह मंगला आरती से लेकर देर रात तक मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार रहता है। सुरक्षा जांच, कतारबद्ध दर्शन और व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालु सहज रूप से रामलला के दर्शन कर रहे हैं। प्रशासन भी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्क है। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि भीड़ लगातार बढ़ रही है। यदि प्रवाह इसी तरह जारी रहा तो दर्शन के समय पर वृद्धि करने पर विचार किया जा सकता है।