आतिशबाजी बिछाने के लिए बंद किया गया गोंडा जाने वाला पुल।
अयोध्या। दीपोत्सव की वजह से पुराना सरयू पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। आतिशबाजी के लिए पुल की सड़क पर पटाखे बिछाने का काम शुरू हो गया है। पुल पर करीब पांच दिनों तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। आठ नवंबर को पुल को दोबारा खोल दिया जाएगा।
पुराना सरयू पुल बंद होने से गोंडा, बस्ती और अयोध्या के बीच आवागमन करने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ेगा। दीपोत्सव में श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए छह नवंबर की रात 12 बजे से बस्ती-अयोध्या फोरलेन (एनएच-27) पर भारी वाहनों का डायवर्जन भी लागू होगा। यह व्यवस्था दीपोत्सव का आयोजन समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
डायवर्जन के तहत गोरखपुर और बस्ती से लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों को कलवारी और टांडा मार्ग से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। बस्ती फुटहिया और पटेल चौराहे से वाहनों को अकबरपुर-सुल्तानपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, लोलपुर से नवाबगंज और गोंडा होते हुए वाहनों को लखनऊ की ओर भेजा जाएगा।
एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पुराने सरयू पुल की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन का पालन करने और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेने की अपील की है।