अयोध्या। शहर के निर्मला हॉस्पिटल में इंजेक्शन की ओवरडोज से मौत का मामला अब मुख्यमंत्री दरबार पहुंच गया है। पीड़ित परिजनों ने गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करके अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की है।
सीएम को दिए प्रार्थना पत्र में हलकारा का पुरवा निवासी सुशील कौशल ने बताया कि निर्मला हॉस्पिटल में इंजेक्शन की ओवरडोज लगाने से उनकी मां की पल्स अचानक 30-40 तक गिर गई। चिकित्सक ने अपनी गलती स्वीकारी और उन्हें रेफर कर दिया। लखनऊ पहुंचते-पहुंचते दवा के दुष्प्रभाव से उनके कई अंग निष्क्रिय होने लगे।
बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के सामने वीडियो में भी अस्पताल प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकारी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेसमेंट में चल रहे आईसीयू को सील कर दिया है, लेकिन अब तक आगे की कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने अस्पताल का लाइसेंस/पंजीकरण निलंबित करने और मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।