फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: होली के दिन हुए सड़क हादसों में नौ की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
अयोध्या। जिले भर में हुई घटनाओं से होली का उल्लास फीका हो गया। हैदरगंज थाना क्षेत्र के पाराराम गांव के पास हुई घटना में एक साथ चार लोगों की मौत हो गई। वहीं अन्य थाना क्षेत्रों में भी हुई घटनाओं से चार अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। जबकि जिले भर में कई लोग दुर्घटनाओं में घायल हो गए।
जाना बाजार प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को थाना क्षेत्र हैदरगंज के ग्राम पंचायत पाराराम के पास हैदरगंज-चौरे मार्ग पर हैदरगंज की तरफ से आ रही बोलेरो ने दो बाइकों में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में पाराराम खास निवासी बाइक पर सवार राम खेलावन (50) उनके पुत्र इंद्रजीत (30), पाराराम के मजरे भारीनाथपुर निवासी राम सजीवन व सुल्तानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के रूपनाथपुर निवासी जेठू (38) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बोलेरो हैदरगंज थाना क्षेत्र के बैसूपाली निवासी भास्कर उपाध्याय चला रहा था। इस हादसे से पहले उसने सड़क किनारे खड़े युवक अंकित (18) को भी टक्कर मारी, जिससे उसका हाथ टूट गया। सड़क के किनारे बैठे कई लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन

हादसे के बाद अनियंत्रित हुई बोलेरो ने आगे मौत का तांडव मचाया। आक्रोशित भीड़ ने घटना में शामिल वाहनों में आग लगा दी। दोनों तरफ से मार्ग जाम हो गया। पुलिस ने सड़क पर पड़े शवों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर भेजवाया। निरीक्षक अपराध लल्लन यादव, बीकापुर कोतवाल लालचंद सरोज, साइबर क्राइम के प्रभारी मोहम्मद अरशद, सीओ बीकापुर पीयूष क्षेत्राधिकार, सुरेंद्र सिंह, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, तहसीलदार बीकापुर धर्मेंद्र सिंह आदि मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर जाम खोलवाया। थानाध्यक्ष हैदरगंज विवेक राय ने बताया कि अमरजीत की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके चालक को गिरफ्तार किया गया है।
इनसेट
पिता-पुत्र की साथ उठी अर्थी, सभी की आंखें हुईं नम
सड़क दुर्घटना में मृतक रामखेलावन व पुत्र इंद्रजीत की अर्थी एक साथ उठी तो सभी की आंखें नम हो गईं। परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। मृतक इंद्रजीत की दो साल पहले शादी हुई थी। विधायक अभय सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। शनिवार को पुलिस बल की मौजूदगी में शवों का अंतिम संस्कार हुआ। वहीं मृतक रामकेवल के पत्नी के अलावा तीन पुत्र व दो पुत्री हैं।
इनसेट
मृतक राम सजीवन का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो काफी देर तक अंतिम संस्कार की तैयारी नहीं की गई। छप्पर के नीचे रहने वाले मृतक के परिवार ने आर्थिक सहायता व कार्रवाई की मांग की। तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार रामखेलावन, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने परिजनों को कार्यवाही का आश्वासन दिया तो परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार कराया गया।
छावनी में तब्दील रहा गांव
- हादसे के बाद गांव छावनी में तब्दील रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद रात में ही घर पहुंचा और रात में ही अंतिम संस्कार का दबाव भी बनाया। हालांकि कड़ी सुरक्षा के बीच अगले दिन सुबह अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
रानी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार सरियावां के मजरे बेलदार पुरवा निवासी रामसेवक मोटरसाइकिल से पत्नी सोना देवी व 10 वर्षीय बेटे कुणाल के साथ शुक्रवार को रिश्तेदारी में जा रहे थे। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के चंद्रभान पाठक का पुरवा के पास रायबरेली हाईवे पर तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए और बालक की मौत हो गई। दुर्घटना करने वाले वाहन को पुलिस ने कब्जे में लिया और घायलों को जिला चिकित्सालय भेजवाया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पूरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार खुशियालगंज रुदौलिया निवासी बाबूलाल (62) किसी कार्य से बाकरगंज बाजार गए थे। फैजाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चालक वाहन लेकर मया बाजार की ओर भाग निकला। घटना के बाद स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
हुनमतगनर प्रतिनिधि के अनुसार शांतिपुर मजरे नऊवा का पुरवा निवासी अमन वर्मा (25) शुक्रवार करीब दो बजे घर से बाइक से सामान लेने कोड़री बाजार जा रहे थे। दर्शननगर-गौराघाट गयासपुर मार्ग पर कोड़री गांव के पास ही सामने से आ रही एसयूवी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद चालक एसयूवी लेकर फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि मृतक की 19 फरवरी को शादी हुई थी। घटना से परिजन सहित पूरे गांव में शोक व्याप्त है।
खजुरहट प्रतिनिधि के अनुसार बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के भिटौरा करनपुर निवासी फूलचंद चौरसिया शुक्रवार को रिश्तेदारी में होली खेलने गए थे। वहां से शाम बजे बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे है पिपरी के पास पहुंचे, अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल फूलचंद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक के परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक वर्ष का एक पुत्र है। सभी के परवरिश की जिम्मेदारी मृतक के ऊपर थी।
विज्ञापन

सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के कलाफरपुर निवासी देवनारायण शुक्रवार को ई रिक्शा से बरई खुर्द निवासी अनिल श्रीवास्तव (62) और उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55) को बैठाकर जा रहे थे। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर सत्तीचौरा के पास तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में ई रिक्शा सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी प्रभारी एसपी सिंह चौहान ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान रीता श्रीवास्तव की मौत हो गई। थाना प्रभारी सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। मृतक के गांव निवासी रमेश सिंह की कार बताई गई है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें