जाना बाजार। हैदरगंज क्षेत्र के पांडेय का पूरा तालाब में मंगलवार सुबह नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। होमगार्ड के जवान ने डूब रहे उसके मामा को सकुशल बचा लिया।
मृतक आयुष उर्फ अंश (20) पुत्र अरुण कुमार दुबे निवासी ग्राम मझवारा थाना धनपतगंज सुल्तानपुर अपने मामा ऋषभ तिवारी ग्राम पारा हथिगो थाना हैदरगंज के साथ एमए की परीक्षा देने खपराडीह महाविद्यालय निकला था। परीक्षा देकर घर लौट रहा था कि रास्ते में तालाब में लोगों को नहाते देख आयुष ने भी नहाने का मन बनाया। मामा ऋषभ के मना करने के बावजूद आयुष तालाब में कूद गया। उसे डूबता देख मामा ऋषभ भी बचाने के लिए पानी में उतर गए। दोनों को डूबता देख लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। मौके पर पहुंचे होमगार्ड जयशंकर ने तालाब में छलांग लगा दी। जयशंकर ने ऋषभ को बचा लिया, लेकिन आयुष को नहीं बचाया जा सका। बाद में आयुष को भी अचेतावस्था में बाहर निकाला और नजदीकी पाराराम सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। युवक मां-बाप का इकलौटा पुत्र था इससे छोटी पुत्री तनु है। माता पिता दिल्ली से घटना की जानकारी होने पर चल दिए हैं।मौके पर पहुंची पुलिस ने आयुष के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया है।
होमगार्ड की सभी ने की तारीफ
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आयुष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक तालाब में डूबने से मरा है। उप निरीक्षक श्रीपति मौर्य ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। होमगार्ड जयशंकर की बहादुरी के लिए इंस्पेक्टर ने उनकी पीठ थपथपाई।