अयोध्या। शहर के अवध ऑर्थो सेंटर में तीन माह तक बड़े ऑपरेशनों पर रोक लगाई गई है। भाजपा नेत्री मधु पाठक के इलाज में लापरवाही मिलने पर सीएमओ ने यह आदेश दिया है। आदेश का अनुपालन न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
शहर के अमानीगंज निवासी भाजपा नेत्री मधु पाठक ने मई में अवध ऑर्थो सेंटर के संचालक डॉ. अब्दुस्सलाम की शिकायत की थी। इसमें उन्होंने बताया था कि 14 नवंबर, 2024 को डॉ. अब्दुस्सलाम ने उनके पैर का ऑपरेशन किया था। इसके चार माह में ही ऑपरेशन के समय डाली गई प्लेट टूट गई। इसके बाद लंबे समय तक उनका इलाज चला और आराम न होने पर उन्होंने लखनऊ में दोबारा ऑपरेशन कराया। उन्होंने इलाज में लापरवाही और धनउगाही का आरोप लगाया था।
सीएमओ ने डिप्टी सीएमओ डॉ. संदीप शुक्ला के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच कमेटी बनाई थी। जांच में अस्पताल दोषी मिला। आख्या में बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान बेहोशी देने वाले चिकित्सक का पता नहीं चल सका। ऑपरेशन में प्रयुक्त इंप्लांट की गुणवत्ता, कंपनी आदि का जिक्र नहीं था। 16,685 रुपये में इंप्लांट खरीदकर मरीज से 34 हजार रुपये लिए गए। वर्ष 2024-25 में अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा पंजीकृत नहीं थी। ओटी टेक्नीशियन के रूप में कोई कर्मचारी दर्ज नहीं था। सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बानियान ने बताया कि जांच आख्या का संज्ञान लेकर अवध ऑर्थो सेंटर में तीन माह तक मेजर सर्जरी प्रतिबंधित की गई है।