अयोध्या। चार महीने के चातुर्मास विश्राम के बाद अब श्रीहरि देवोत्थानी एकादशी (एक नवंबर) को क्षीरसागर से जाग्रत होंगे, लेकिन इस बार उनके जागने के बावजूद शुभ कार्यों की शुरुआत नहीं होगी। कारण है, शुक्र का अस्त होना।
ज्योतिषाचार्य पंडित प्रवीण शर्मा ने बताया कि जब तक शुक्र ग्रह उदय नहीं होता, तब तक विवाह, गृहप्रवेश, मुंडन, नामकरण और अन्य मांगलिक कार्यों पर रोक रहती है। देवोत्थानी एकादशी एक नवंबर को है, लेकिन तीन नवंबर से ही शुक्र अस्त हो जाएंगे और 17 नवंबर को उदय होंगे। ऐसे में 18 नवंबर से मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। शहनाई की गूंज भी सुनाई देने लगेगी। पहला विवाह मुहूर्त 21 नवंबर को है।
पंडित प्रवीण ने बताया कि इस साल (हिंदू नववर्ष) के शेष महीनों में अब विवाह के केवल 22 मुहूर्त हैं। नवंबर में विवाह के पांच, दिसंबर में केवल तीन विवाह मुहूर्त हैं। 15 दिसंबर से खरमास के चलते फिर मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। ग्रहों की स्थिति ऐसी है कि खरमास के बाद भी पांच फरवरी तक विवाह का कोई मुहूर्त नहीं है। छह फरवरी से 10 मार्च तक विवाह के कई मुहूर्त मिलेंगे। 19 मार्च को वर्तमान विक्रमी संवत का समापन हो जाएगा।
विवाह के मुहूर्त
नवंबर-21, 23, 24, 26, 30
दिसंबर- 01, 04, 05
फरवरी-6, 8, 11, 12, 13, 15, 19, 20, 26
मार्च-4, 5, 8, 9, 10