सोहावल। रौनाही थाना क्षेत्र के पिरखौली मजरे हजरत का पुरवा में मंगलवार रात युवक ने पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। आराेपी के पिता ने अपनी बहू को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ससुर की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल में मौजूद आरोपी पति को गिरफ्तार किया और शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
गांव के छेदीलाल के मुताबिक उनके बेटे ज्ञानचंद और बहू मालती के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी। मंगलवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद मालती अपने तीन बच्चों को लेकर छत पर सोने चली गई। ज्ञानचंद पहले तो इधर-उधर गुस्से में टहलता रहा, फिर अचानक उसने घर में रखे गंडासे से पत्नी पर हमला कर दिया। पिता को मां पर हमला करते देख बच्चे चीखने लगे। इतने में नीचे सो रहे छेदीलाल भी शोर सुनकर छत पर आ गए। उन्होंने घायल बहू को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छेदीलाल ने पुलिस से मामले की शिकायत की। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया है। एसएचओ पंकज सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।
सहम गए बच्चे
पिता ने जब मां की इस तरह से निर्मम हत्या की तो उस दौरान तीनों बच्चे मौके पर मौजूद थे। मां की हत्या के बाद बच्चे सदमे में हैं। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है कि एक झटके में कैसे उनका जीवन बर्बाद हो गया। मां रही नहीं और पिता जेल चला गया।