हाइवे के डिवाइडर को सजाने में जुटे कर्मी।
अयोध्या। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 19 मार्च को वह रामनगरी पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी और वैदिक अनुष्ठानों में शामिल होंगी। नगर निगम ने शहर में विशेष स्वच्छता और प्रबंधन अभियान तेज कर दिया है। मंदिर परिसर, सरयू घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सफाई के साथ सुंदरीकरण कराया जा रहा है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर मशीनों से सफाई के साथ एंटी-स्मॉग गन से धूल नियंत्रण किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर में वाटर कूलर और वाटर कियोस्क लगाए गए हैं। भंडारा और सार्वजनिक स्थलों पर भी पानी व साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने और बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए टीमें सक्रिय हैं। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सरयू घाटों, अंडरपास और प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की गई है। शहर के मुख्य मार्गों को सजाया गया है, जिससे आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके। प्रस्तावित मार्गों पर कई सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई है। पूरे शहर में नियमित सफाई, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव भी कराया जा रहा है।
81 वाटर कूलर
25 वाटर कियोस्क
500 सफाई कर्मचारी तैनात