यूपी के अयोध्या में मां की डांट से नाराज होकर आठ साल का बालक नहर में कूद गया। उसे बचाने के लिए उसकी मां ने भी छलांग लगा दी। इस बीच पुलिस व गोताखोरों ने मां को तो बचा लिया, लेकिन बेटा लापता हो गया। उसकी तलाश जारी है।
मामला रौनाही थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव का है। गांव निवासी सुभाष गुप्ता की पत्नी रुचि गुप्ता ने किसी बात को लेकर बेटे गौरव (8) को डांट-फटकार लगाई। इससे नाराज होकर वह गुस्से में शारदा सहायक नहर के पास गया और छलांग लगा दी।
उसे कूदता देख बचाने के लिए रुचि भी नहर में कूद गई। दोनों को एक साथ नहर में कूदता देख आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस को भी सूचित किया। रौनाही थानाध्यक्ष पंकज सिंह गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद मां को तो गोताखोरों ने बचा लिया, लेकिन बालक का कहीं पता नहीं चला। थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि गंभीर अवस्था में रुचि को जिला अस्पताल भेजवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बालक की तलाश की जा रही है।