अयोध्या। आईसीयू में भर्ती रोगियों को घातक जीवाणु संक्रमण से बचाने के लिए शोध होगा। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज की टीम इस पर छह माह तक कार्य करेगी। इस अवधि में वह आईसीयू में भर्ती लालिमा युक्त रोगियों पर पानी रहित शैंपू और बॉडी वॉश के प्रभाव का तुलानात्मक अध्ययन करेगी।
चिकित्सकों के अनुसार आईसीयू में भर्ती गंभीर रोगी नहाने-धोने में अक्षम होते हैं। लंबे समय तक बिस्तर पर पड़े होने व अस्पताल के अन्य संक्रमणों की वजह से वह इलाज के दौरान कई तरह के जीवाणु संक्रमण की चपेट में आते हैं। संंक्रमण अधिक बढ़ने पर बेडसोर (प्रेशर अल्सर या दबाव घाव) होने का खतरा रहता है। इम्युनिटी कमजोर होने से वह अन्य रोगों की चपेट में आते हैं। कई बार तो संक्रमण का स्तर बढ़ने पर एंटी बायोटिक भी काम नहीं करती है।
रोगियों को इन खतरों से बचाने के लिए मेडिकल कॉलेज शोध करेगा। इसके तहत आईसीयू में बिस्तर पर ऐसे रोगियों पर काम किया जाएगा, जिनके शरीर पर लालिमा हो। उन पर जलरहित शैंपू और बॉडीवॉश का बारी-बारी से प्रयोग करके दोनों स्थितियों में तुलनात्मक अध्ययन किया जाएगा। लगभग तीन से छह माह तक अध्ययन के बाद एथिकल कमेटी के समक्ष इसे प्रस्तुत किया जाएगा।
शोध टीम में यह रहेंगे शामिल
मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि यह शोध गंभीर रोगियों के लिए बेहद उपयोगी होगा। इसमें एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वीरेंद्र वर्मा प्रमुख अन्वेषक होंगे। डॉ. देवाजीत शर्मा और डॉ. गौरव कुमार सह प्रधान अन्वेषक और डॉ. अर्शिता श्रीवास्तव सह प्रमुख अन्वेषक के रूप में शामिल रहेंगे। बताया कि जल रहित शैंपू और बॉडीवॉश में क्लोरहेक्सिडिन होता है, जो एक सुस्थापित औषधीय एंटीसेप्टिक है।
हाइपो ग्लाइसिमिया का रहता है खतरा
प्रमुख अन्वेषक डॉ. वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि संक्रमण अधिक बढ़ने से रोगियों को हाइपो ग्लाइसिमिया का खतरा रहता है। यह रक्त शर्करा का निम्न स्तर है, जिसमें रक्त में ग्लूकोज (शर्करा) का स्तर बहुत कम हो जाता है। इससे शरीर के कार्यों के लिए पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिल पाती है। इससे रोगी गंभीरता तक पहुंच जाते हैं और कई बार उनकी मौत भी हो जाती है।
अन्य अस्पतालों के लिए भी उपयोगी होगा शोध
प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि शोध का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे कॉलेज की एथिकल कमेटी के समक्ष रखा गया है। कमेटी से अनुमति के बाद शोध कार्य शुरू होगा। इसके परिणाम प्रकाशित कराए जाएंगे, जो अन्य अस्पतालों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।