अयोध्या। यदि आप यात्रा करने के शौकीन हैं और विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से जुड़ना पसंद करते हैं तो यह शौक अब आपके कॅरियर का रास्ता भी बन सकता है। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंधन व उद्यमिता विभाग में संचालित एमबीए टूरिज्म पाठ्यक्रम युवाओं के लिए एक नया और आशाजनक कॅरियर विकल्प बनकर उभरा है।
विभागाध्यक्ष प्रो. हिमांशु शेखर सिंह के अनुसार वैश्विक रुझानों और सरकार की पर्यटन को प्रोत्साहन देने वाली प्रसाद और उड़ान योजना ने इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं कई गुना बढ़ा दी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2033 तक पर्यटन क्षेत्र में 5.82 करोड़ नौकरियों के सृजन का अनुमान है। पर्यटन उद्योग में उच्च और मध्यम वर्ग की भागीदारी में वृद्धि ने इस क्षेत्र की मांग को और बल दिया है।
प्रो. सिंह ने बताया कि एमबीए टूरिज्म न केवल विद्यार्थियों को व्यावसायिक और व्यवहारिक ज्ञान देता है बल्कि यह उन्हें पर्यावरणीय संरक्षण, सामुदायिक विकास और सतत् पर्यटन जैसे आधुनिक विषयों पर भी दक्ष बनाता है। यह पाठ्यक्रम उद्योग से मजबूत जुड़ाव, प्रयोगात्मक शिक्षा और पूर्व छात्र-छात्राओं के नेटवर्क से भी समर्थित है, जो नए छात्रों के लिए मार्गदर्शन का काम करते हैं।
विभाग के शिक्षक डॉ. महेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि एमबीए टूरिज्म की डिग्री प्राप्त करने के बाद छात्र ट्रैवेल एजेंसी, टूर ऑपरेटर, होटल, रेस्तरां, एयरलाइंस, क्रूज कंपनियों, हवाई अड्डों और ऑनलाइन ट्रैवेल सॉल्यूशन कंपनियों में कॅरियर बना सकते हैं। छात्र यात्रा सलाहकार, संचालन कार्यकारी, गंतव्य प्रबंधक, उत्पाद विकास प्रबंधक व ग्राहक सहायक प्रबंधक जैसे पदों से कॅरियर की शुरुआत कर सकते हैं। पर्यटन उद्योग अब सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रहा बल्कि यह एक व्यापक, व्यावसायिक और रोमांचक कॅरियर क्षेत्र बन चुका है। ऐसे में स्नातक युवाओं के लिए यह पाठ्यक्रम भविष्य की नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है।