अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज इस बार जन्माष्टमी पर मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि नहीं पहुंच सके। स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने मथुरा जाने में असमर्थता जताई है। उन्होंने देश-प्रदेश के कृष्ण भक्तों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
महंत नृत्य गोपाल दास महाराज वर्षों से जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक, पूजन और जन्मोत्सव में सहभागिता करते रहे हैं। इस बार स्वास्थ्य कारणों से उनका मथुरा नहीं पहुंच पाना भक्तों के लिए भी चर्चा का विषय रहा। उनके मीडिया सलाहकार शरद शर्मा ने शुक्रवार को महाराज की ओर से हस्ताक्षरित पत्र प्रेस और कृष्ण भक्तों के लिए जारी किया। इसमें महाराज ने मथुरा नहीं पहुंच पाने पर अपनी असमर्थता व्यक्त करते हुए भक्तों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं।
शरद शर्मा ने बताया कि महंत नृत्य गोपाल दास श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष होने के नाते लंबे समय से जन्माष्टमी के आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल होते रहे हैं। कोरोना महामारी के भीषण दौर में भी उन्होंने जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक-पूजन और देर रात तक जागरण किया था। इस बार स्वास्थ्य कारणों से मथुरा नहीं पहुंच पाने का उन्हें दुख है।