भगवान राम की बहन शांता की ओर से रामलला को विशेष राखी भेजी गई।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रामलला की बड़ी बहन शांता की ओर से रामलला समेत चारों भाइयों के लिए राखी व 56 भोग आया है। श्रीराम राखी महोत्सव के तीसरे दिन शृंगी ऋषि आश्रम स्थित मां शांता की तरफ से अपने भाइयों राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न सहित राम मंदिर के सभी पुजारियों के लिए रक्षा सूत्र के साथ 56 भोग, मिष्ठान, फल एवं उपहार भेजा गया। गाजे-बाजे और धूम धड़ाके के साथ राम सखी यात्रा अयोध्या पहुंची।
राम जन्मभूमि के पुजारी संतोष तिवारी और राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास को रक्षासूत्र और उपहार सौंपा गया। महंत कमल नयन दास ने बताया कि सदियों की परंपरा का निर्वहन आज भी हो रहा है।
रामलला के लिए देश भर से राखियां रक्षाबंधन पर आती हैं, जिन्हें रामलला को समर्पित किया जाता है। भगवान राम सहित उनके अनुजों का रक्षासूत्र ओडिशा के कारीगरों ने धान और केले के रेशे से तैयार किया है। इस दौरान शृंगी ऋषि आश्रम के पुजारी महेंद्र गोस्वामी, सीताराम दास, सुभाष सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।