अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय, अनिल मिश्रा व गोपाल राव के खिलाफ दी गई तहरीर पर रिपोर्ट न दर्ज होने से अधिवक्ता नाराज हैं। अधिवक्ता संघ ने सोमवार को कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में वकीलों ने कचहरी में जुलूस निकाला। यह जुलूस वकालत खाना से शुरू होकर जिलाधिकारी कार्यालय और अन्य अदालतों से होते हुए वापस वकालत खाना पर समाप्त हुआ। इस दौरान अधिवक्ताओं ने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर नारेबाजी की। दोपहर बाद अधिवक्ता संघ अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में एक दल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने संघ की ओर से दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रतिनिधिमंडल में राजेश उपाध्याय, शैलेंद्र जायसवाल, संजीव दूबे, सूर्य नारायण सिंह और सौरभ मिश्रा सहित अन्य अधिवक्ता शामिल थे।
उधर, सोमवार को हुई बैठक में सोशल मीडिया पर अभिषेक मिश्रा की ओर से की गई टिप्पणी को निंदनीय बताया गया। अभिषेक मिश्रा ने अधिवक्ता संघ अध्यक्ष पर दस लाख रुपये में बिकने का आरोप लगाया था। यह पोस्ट बाद में हटा दी गई। अधिवक्ताओं ने इस पर कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराने पर सहमति जताई। कालिका प्रसाद मिश्रा की ओर से अभिषेक मिश्रा के खिलाफ मानहानि का प्रार्थना पत्र कोतवाली नगर को दिया गया है।
दो जुलाई को भी किया था प्रदर्शन
अधिवक्ताओं ने दो जुलाई को भी राम पथ जाम कर प्रदर्शन किया था। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद उनका गुस्सा शांत हुआ था। थाना रामजन्म भूमि के प्रभारी सुमित श्रीवास्तव को मौके पर बुलाकर अधिवक्ता संघ की तहरीर प्राप्त कराई गई थी। हालांकि, अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है, जिससे वकीलों का आक्रोश फिर बढ़ गया है।
अधिवक्ता संघ की तहरीर
अधिवक्ता संघ के महामंत्री शैलेंद्र जायसवाल ने थाना रामजन्म भूमि में ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय, सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव सहित अन्य दोषियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। तहरीर में कहा गया है कि राम मंदिर निर्माण में श्रद्धालुओं के धन की चोरी से संघ और उसके सदस्यों की भावनाएं आहत हुई हैं। चंपत राय और अनिल मिश्रा चंदा, दान और धन गणना के प्रमुख रहे हैं। गोपाल राव पर चोरी के रुपये से भरी बोरी अज्ञात स्थान पर ले जाने का आरोप है।