अयोध्या। लोकसभा चुनाव के लिए 54-फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भारतीय जनता पार्टी से लल्लू सिंह ने दोबारा तीन सेटों में, समाजवादी पार्टी से अवधेश प्रसाद ने भी दोबारा दो सेटों और आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी से बृजेंद्र दत्त त्रिपाठी ने एक सेट में नामांकन किया। भाजपा प्रत्याशी नौ किमी का रोड शो कर कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन के दौरान उनके साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी नितीश कुमार ने बताया कि दो प्रत्याशियों व प्रतिनिधियों की ओर से नामांकन फार्म के एक-एक सेट लिए गए। इस तरह अब तक कुल 37 लोगों ने 46 सेट नामांकन पत्र लिए हैं। डीएम कोर्ट कक्ष में सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी राजकुमार पांडेय समेत नामांकन व अन्य चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा और सपा प्रत्याशियों ने दूसरी बार नामांकन के सेट दाखिल किए हैं।
इसके पहले भाजपा प्रत्याशी ने रामकथा पार्क से रोड शो शुरू किया। प्रेस क्लब तक करीब नौ किमी के रोड शो में जयघोष करते भाजपा कार्यकर्ता पैदल चल रहे थे। बाइक और कारों के काफिले के साथ भाजपा के दो रथ भी चल रहे थे। एक रथ पर महंत कमल नयन दास, महंत मिथिलेश नंदनी शरण, आचार्य चित्रांशु, महंत मैथिली शरण, महंत वैदेही बल्लभ शरण दास, महंत परशुराम दास व लोकसभा क्षेत्र प्रभारी बांके बिहारी मणि त्रिपाठी मौजूद थे।
दूसरे रथ पर पूर्व सांसद विनय कटियार, सांसद लल्लू सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह व सतीश शर्मा, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, एमएलसी हरिओम पांडेय, विधायक वेद प्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव, डाॅ. अमित सिंह चौहान, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू व गोरखनाथ बाबा सवार थे। रोड शो के स्वागत के लिए राम पथ पर जगह-जगह शिविर लगे थे। इनमें शरबत का वितरण किया जा रहा था। शिविरों में मौजूद लोग जय श्री राम के जयघोष के साथ रोड शो पर पुष्पवर्षा कर रहे थे। राष्ट्रीय लोकदल, अपना दल व सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी विधायक अवधेश प्रसाद ने भी बुधवार को दोबारा दो और सेटों में नामांकन दाखिल किया।
रोड शो में रथ पर सवार भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के साथ वरिष्ठ नेता विनय कटियार, प्रदेश के राज्- फोटो : संवाद
रोड शो में रथ पर सवार भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह के साथ वरिष्ठ नेता विनय कटियार, प्रदेश के राज्- फोटो : संवाद