कुमारगंज। नगर पंचायत कुमारगंज के पिठला गांव में जल्द ही एक कल्याण मंडपम का निर्माण शुरू होने जा रहा है। यह स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इसके बनने से शादी-विवाह सहित सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों के लिए एक उपयुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
अधिशासी अधिकारी संजय शुक्ल ने बताया कि मुख्यमंत्री नगर वैश्विक विकास योजना के अंतर्गत सरकार से इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। इसे कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस बनाएगी। इसके लिए 1.29 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित कर दिया गया है। कल्याण मंडपम का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा। इसमें बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, शुद्ध पेयजल, शौचालय और पार्किंग की सुविधा शामिल होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि हमारा उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को ऐसी सुविधा उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी जरूरतें पूरी हों और उन्हें बाहर न जाना पड़े। कल्याण मंडपम का निर्माण हमारी प्राथमिकता में शामिल है। इसे जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इससे कम पैसे में नगर पंचायत क्षेत्र वासियों को अच्छी सुख-सुविधा मिल सकेगी।