अयोध्या। रौनाही पुलिस ने जहरखुरानी के अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करके चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से रौनाही क्षेत्र के लोहिया पुल के पास से लूटी हुई कार, मोबाइल फोन और नशीली दवाएं बरामद की गई है।
सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि 19 दिसंबर को सीतापुर के अटरिया क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी रायसेन गौतम ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने बताया था कि उनके भाई अमरसेन गौतम लखनऊ में कार चलाते हैं। 19 दिसंबर को रेपिडो एप से कुछ लोगों ने उनकी कार कैसरबाग, लखनऊ से अयोध्या के लिए बुक किया था।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर अहमदपुर टोल प्लाजा के पहले उन लोगों ने कॉफी में नशीला पदार्थ पिलाकर उनकी कार व मोबाइल फोन लूट लिया और अमरसेन को लोहिया पुल के पास बेहोशी की हालत में फेंक दिया। घटना के खुलासे के लिए दो टीम लगाई गई थी। ऑपरेशन दृष्टि के तहत लगाए गए कैमरे, सर्विलांस सेल और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य के जरिये चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उनकी पहचान सुल्तानपुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के बालमपुर निवासी सूरज गुप्ता, बीसापुर निवासी सत्यम तिवारी, गोसाईगंज थाना क्षेत्र के जासापारा निवासी शक्ति सिंह और जयसिंह थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है। आरोपी सत्यम तिवारी के खिलाफ सुल्तानपुर, बिजनौर, मुरादाबाद में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आदर्श सिंह के खिलाफ छह व सूरज गुप्ता के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने उन्होंने चोरी के मोबाइल फोन और सिमकार्ड से कार बुक की थी।