अयोध्या। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र रविवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए चल रहे कार्यों का करीब डेढ़ घंटे तक निरीक्षण किया। नृपेंद्र मिश्र ने परकोटा निर्माण का कार्य तेज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने एलएंडटी आफिस में इंजीनियरों के साथ औपचारिक बैठक भी है। वे दो दिनों तक निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे।
राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक हर माह दो बार होती है। इसी क्रम में नृपेंद्र मिश्र अयोध्या पहुंचे हैं। वे सोमवार व मंगलवार को बैठक कर मंदिर निर्माण समेत अन्य प्रकल्पों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे। 30 मार्च से रामनवमी मेला भी शुरू हो रहा है। बैठक में रामनवमी मेले की तैयारियों की भी समीक्षा की जाएगी। श्रद्धालुओं को रामलला के दर्शन सुगमता पूर्वक हों इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। इससे पहले रविवार को नृपेंद्र मिश्र ने परकोटा, सप्तमंडपम, शेषावतार मंदिर के चल रहे कार्यों की भौतिक प्रगति देखी। उन्होंने परकोटा निर्माण की गति बढ़ाने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाने को कहा। परकोटा निर्माण का अब तक 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है।