2- गेट के सामने खड़ी आयकर विभाग की गाड़ी और सूना पड़ा पूरा परिसर- संवाद
पूरा बाजार। बसपा विधायक उमाशंकर सिंह की कंपनी छात्र शक्ति इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के कार्यालय और प्रोजेक्ट साइट पर आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन शुक्रवार को भी देर शाम तक जारी रही। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कई वाहनों से पहुंची आयकर विभाग की टीम ने परिसर को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू की थी, जो लगातार जारी है। जांच के दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को अंदर ही रहने के निर्देश दिए गए।
सूत्रों के अनुसार, दस्तावेजों और डिजिटल डाटा की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों के मोबाइल फोन अस्थायी रूप से जब्त कर लिए गए। सुरक्षा कारणों से बाहरी लोगों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।
कंपनी सड़क निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय प्रमुख फर्म है, जो रोड कंस्ट्रक्शन, हाईवे और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर कार्य करती है। आयकर विभाग की लगातार कार्रवाई के चलते पिछले तीन दिनों से कंपनी का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा है। इसका असर पूरे अयोध्या जिले में पड़ रहा है क्योंकि अयोध्या की बड़ी परियोजनाएं इसी कंपनी के पास हैं। प्रोजेक्ट साइट के बाहर निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे ट्रकों की लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार सड़क किनारे लगी है। कई वाहन चालकों को 50 घंटे से अधिक समय से इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ ड्राइवरों ने बताया कि वह चार दिनों से वहीं खड़े हैं और अब उनके पास नकदी व राशन भी समाप्त होने की स्थिति में है, जिससे खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है।
आयकर विभाग के अधिकारी कार्यालय में रखे दस्तावेजों, कंप्यूटर डाटा और वित्तीय अभिलेखों की गहन जांच में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक टीम आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने में लगी हुई है। समाचार लिखे जाने तक आयकर विभाग की टीम मौके पर मौजूद थी और जांच प्रक्रिया जारी थी।