अमानीगंज। खंडासा थाना क्षेत्र के मंझनपुर गांव स्थित सिरसा झील में रविवार दोपहर चरवाहों ने एक मानव कंकाल देखा। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। चरवाहों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए। वहीं कुमारगंज के उमरहर गांव निवासी गुमशुदा विनय कुमार की भी इसी क्षेत्र में आखिरी लोकेशन मिली थी।
सिरसा झील की तलहटी में नर कंकाल का अवशेष मिला है। जो काफी पुराना लग रहा है, कंकाल में मानव खोपड़ी, सीने, हाथ और पैर की कुछ हड्डियां ही हैं। कंकाल के पास बेल्ट लगी जींस की एक पैंट और मोजे भी बरामद हुए है। पैंट और उसकी जेब से तंबाकू की पुड़िया और गांजा पीने की चिलम मिली है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है यह कंकाल किसी पुरुष का ही है। साथ ही कंकाल में ऊपर के सभी दांत भी पाए गए हैं जिससे साफ है कि कंकाल किसी युवा के हैं। पुलिस आसपास के इलाकों से लापता व्यक्तियों की सूची जुटा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां कंकाल मिला है, वह काफी सुनसान जगह है।
कुमारगंज थाना क्षेत्र के उमरहर गांव निवासी मुतुन्ना पत्नी राम भरोसे ने 16 जनवरी को अपने 20 वर्षीय बेटे विनय कुमार की गुमशुदगी दर्ज कराई थी, उनके द्वारा कहा गया था कि विनय कुमार अपने भतीजे और चाचा के साथ मेला देखने गया था, जो वापस नहीं आया है। गुमशुदा युवक की आखिरी लोकेशन भी कंकाल मिलने वाली जगह के ही करीब बताई गई है। पुलिस ने 14 -15 जनवरी को आसपास के क्षेत्र में युवक की तलाश भी की थी। अब लोगों को अंदेशा हो रहा है कि यह कंकाल कहीं उसी युवक के ही तो नहीं है? हालांकि पुलिस और परिजन दोनों को अब पहचान करना आसान नहीं है उसके लिए कंकाल की डीएनए जांच करानी होगी।
क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर श्रीयश त्रिपाठी, प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस क्षेत्राधिकारी का कहना है कि आसपास के थाना क्षेत्र में जितनी भी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसके बारे में भी जानकारियां एकत्र की जा रही है। कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, आवश्यकता पड़ने पर डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।