गोसाईगंज। सात साल पहले बसखारी अयोध्या राजमार्ग को फोरलेन में तब्दील करने के लिए टेंडर हुआ था। मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर आबाद कस्बे की दुकानों और मकान को बचाने के लिए जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप पर बाईपास निर्माण की योजना बनी थी। लोगों को आस जगी थी कि फोरलेन बाईपास के निर्माण से कस्बे में आए दिन होने वाली जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी, लेकिन वर्तमान में भी हालात जस के तस हैं।
गोसाईगंज नगर के तेजपुर ग्राम सभा से राम महर तक तमसा नदी के किनारे स्थित सिंचाई विभाग के बंधे से होते हुए पांच किलोमीटर फोरलेन बाईपास का निर्माण होना है। लोक निर्माण विभाग के पक्ष में अधिग्रहण के दायरे में आए पांच दर्जन से अधिक भू-स्वामियों ने अपनी जमीन का बैनामा भी कर दिया है। बाईपास निर्माण के लिए अभी बैनामें की जमीन पर भी ना तो मिट्टी पटाई ही शुरू हुई है और ना ही गिट्टी डालने का कार्य शुरू हो पाया है।
जबकि मया बाजार में 3 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। गोसाईगंज नगर में बाईपास निर्माण में तेलियागढ़ महादेव घाट से भीटी पुल के पास बड़े-बड़े गड्ढे जेसीबी से खोदकर छोड़ दिया गया,जो आने जाने वालों व क्षेत्रीय किसानों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बाईपास निर्माण की प्रक्रिया के गति न पकड़ने से प्रभावित लोग पशोपेश में हैं तो मुख्य कस्बे में वर्षों से लाइलाज बनी जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के बाईपास निर्माण प्रक्रिया की देरी के सवाल पर पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता बीके तिवारी ने बताया कि जल्द ही निर्माण ठेकेदार को निर्देशित किया जाएगा मार्ग निर्माण शीघ्र शुरू करें।