52-- राम मंदिर में सुरक्षा एजेंसी के साथ बैठक करते ट्रस्ट के पदाधिकारी -ट्रस्ट
अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 19 मार्च को होने वाले विशेष समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों को मोबाइल फोन लेकर मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
इस संबंध में ट्रस्ट पदाधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रणाली और अतिथियों की आवाजाही को लेकर चर्चा की गई।
सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम के दौरान बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई है। इसके तहत मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का कहना है कि इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। समारोह में देश भर से संत-महंत, विशिष्ट अतिथि और गणमान्य लोग शामिल होंगे। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि कार्यक्रम वाले दिन परिसर में मोबाइल पर पूरी तरीके से प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी मेहमानों को टुकड़ियों में दर्शन भी कराया जाएगा। बैठक में ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र, जगदगुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, अयोध्या सीओ आशुतोष तिवारी सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।