अयोध्या। पूराकलंदर क्षेत्र में अश्लील वीडियो बनाकर एक युवक को ब्लैकमेल कर उसके पिता की दुकान से 15 लाख रुपये का सामान हड़पने का आरोप है। आरोपी करीब छह महीने तक धमकी और दबाव बनाकर दुकान से राशन व अन्य सामान लेते रहे। मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एफआईआर के अनुसार सरियांवा पर जनरल स्टोर चलाने वाले दुकानदार ने बताया कि पिछले पांच-छह महीने से दुकान के स्टॉक में लगातार कमी हो रही थी। मिलान कराने पर करीब 14 से 15 लाख रुपये मूल्य का राशन और अन्य सामान गायब मिला। पूछताछ के दौरान उन्हें पता चला कि उनके पुत्र को कुछ लोग अश्लील वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल कर रहे हैं।
आरोप है कि गांव के ही संजू उर्फ अखंड सिंह, अमन सिंह, अजय भारत सिंह और ऋतिक कौशल ने फर्जी अश्लील वीडियो के जरिये उनके पुत्र को डराया-धमकाया। वीडियो सार्वजनिक करने के नाम पर आरोपियों ने दुकान से लगातार राशन व अन्य सामान लिया।
35 हजार रुपये की फिर मांग
दुकानदार ने बताया कि 17 नवंबर को संजू ने उनके पुत्र के मोबाइल पर फोन कर 35 हजार रुपये की मांग भी की। उन्होंने 18 नवंबर को पूराकलंदर थाने में शिकायत दी थी, कार्रवाई न होने पर 25 नवंबर को एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।