अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय एयर पिस्टल और एयर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता श्रीलंका में 29 जून से होगी। इसमें भवदीय शूटिंग अकादमी की अयोध्या शूटिंग रेंज के चार खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। कोच शनि कुमार वर्मा ने बताया कि जिले के अयोध्या धाम में तैनात सीओ यातायात डॉ. राजेश कुमार तिवारी, सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक रामसागर पति त्रिपाठी, देवेश कुमार और डॉ. भुवन चयनित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चयनित खिलाड़ियों में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में डिप्टी एसपी डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक व एक रजत तथा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चार स्वर्ण पदक, राम सागर पति त्रिपाठी राष्ट्रीय ओपन प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक, देवेश कुमार पिंटू ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक रजत तथा प्रदेशीय प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और चिकित्सक डॉ. भुवन ने एक कांस्य पदक, प्रदेशीय प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक, दो सिल्वर और एक कांस्य पदक हासिल कर चुके हैैं। शनि कुमार अब तक चार आईएएस, छह आईपीएस, पीपीएस, 10 पीसीएस समेत 100 से अधिक पुलिस कर्मियों तथा 500 से अधिक अन्य क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे चुके हैं।