बीकापुर। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने बुजुर्ग से भूमि और बैंक खाते में धोखाधड़ी के आरोप में चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। इनमें इस्माइलपुर निवासी संजय निषाद, माधवपुर निवासी सुनीता, सराय सूरा निवासी नीलम और एक अज्ञात जन सेवा केंद्र संचालक शामिल हैं।
पीड़ित रामकरन के अनुसार, कुछ वर्ष पहले नीलम और सुनीता ने उनकी अनपढ़ता का फायदा उठाकर सड़क किनारे की कीमती भूमि का बिना भुगतान किए बैनामा करा लिया। वहीं, संजय निषाद आठ जुलाई को आधार कार्ड अपडेट कराने के बहाने उन्हें जन सेवा केंद्र ले गया और अंगूठा लगवाकर खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद 14 और 30 जुलाई को भी 20-20 हजार रुपये निकाल लिए गए। छह अगस्त को बैंक से रुपये निकालने पहुंचने पर उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई।
शिकायत करने पर संजय ने उन्हें धमकी दी और मारपीट कर भगा दिया। क्राइम इंस्पेक्टर दिनेश कुमार यादव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।