अमानीगंज। मिल्कीपुर के पूर्व भाजपा विधायक गोरखनाथ बाबा ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। पूर्व विधायक ने इस दौरान विधानसभा क्षेत्र की जनहित व विकास संबंधी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने बताया कि भरदहन भवानी मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वीकृति कराए जाने का निर्देश दिया। सड़क संबंधी कार्यों के लिए जल्द ही स्वीकृति कराए जाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंप कर कहा कि 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर पड़ने वाली ग्रामसभा आदिलपुर के रेवतीगंज बाजार में 100 से अधिक दुकानें, कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सावित्री शिक्षण संस्थान व आठ धार्मिक स्थल जद में आ रहे हैं। इससे स्थानीय बाजार वासियों को काफी नुकसान हो रहा है। साथ ही पारंपरिक परिक्रमा मार्ग पर स्थित आठवां विश्राम स्थल भी मुख्य मार्ग से छूट रहा है। जनहित को देखते हुए पारंपरिक परिक्रमा मार्ग पर ही 84 कोसी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कराया जाए।
साथ ही अमानीगंज-खंडासा संपर्क मार्ग से ब्लॉक मुख्यालय अमानीगंज होते हुए वाया देवगांव सत्थिन घाट तक 17 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण व उच्चीकरण व ड्योढ़ी संपर्क मार्ग से महात्मा गांधी चौराहा, ब्लॉक मुख्यालय बहादुरगंज होते हुए अमेठी की सीमा तक 25 किलोमीटर चौड़ीकरण व उच्चीकरण का कार्य स्वीकृत कराए जाने का अनुरोध किया।