मया बाजार। भारतीय जनता पार्टी की बैठक में शामिल होने पहुंचे वरिष्ठ कार्यकर्ता को पूर्व मंडल अध्यक्ष ने थप्पड़ जड़ दिया और लाइसेंसी पिस्टल निकालकर धमकी दी। पीड़ित ने घटना की शिकायत पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित पुलिस से की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया है। घटना सोमवार को स्थानीय बाजार में थाना गेट के सामने राम-जानकी मंदिर की है।
भाजपा नेता चंद्रभूषण पांडेय ने बताया कि मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न मोदनवाल की बुलाई गई बैठक में भाग लेने वह पहुंचे तो पूर्व मंडल अध्यक्ष अमर बहादुर सिंह वहां मौजूद थे। उनको देखते ही अमर बहादुर उठे और गाली देते हुए उन्हें थप्पड़ लगा दिया। अचानक हुए हमले से वह सहम गए और बाहर जाने लगे तो उन्होंने पिस्टल निकालकर धमकाया। दोनों लोगों के बीच फेसबुक पर टिप्पणी को लेकर विवाद होना बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि एक पक्ष से तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। मंडल अध्यक्ष शत्रुघ्न मोदनवाल ने बताया कि घटनाक्रम से जिला नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। आरोपी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा।