मिल्कीपुर। तहसील क्षेत्र के मंजनाई पूरे तुलसी शुक्ल गांव के पास जंगल में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। जंगल की आग देखते ही देखते खेतों तक पहुंच गई। करीब सात बीघा गेहूं की खड़ी फसल को जलाकर राख कर दिया।
रविवार दोपहर करीब 1:15 बजे अज्ञात कारणों से लगी आग तेज हवा के कारण विकराल होकर फैल गई। खेतों तक पहुंची आग में धम्मे यादव निवासी पलिया, रामविलास शुक्ला, दूधनाथ शुक्ला और स्वामीनाथ शुक्ला निवासी पूरे तुलसी शुक्ल सहित कई किसानों की फसलें जल गईं। ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम और इनायतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सहयोग से आग पर नियंत्रण पाया जा सका। देरशाम तक राजस्व विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था।