चौक स्थित दुकान से अक्षय तृतीया के अवसर पर खरीदारी करते लोग।
अयोध्या। अक्षय तृतीया के पर्व पर रामनगरी के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिला। सराफा बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ रही और अच्छी खरीदारी हुई। इस अवसर पर हल्के और छोटे आभूषणों की बिक्री में तेजी दर्ज की गई।
इस बार भारी आभूषणों की तुलना में हल्के और छोटे आइटम की मांग अधिक रही। सराफा व्यवसायी आनंद बंसल ने बताया कि ग्राहकों ने छुमकी, अंगूठी, बाली और पायल जैसे हल्के आभूषणों को ज्यादा पसंद किया, जिससे इनकी बिक्री में तेजी आई। एक अन्य सराफा व्यवसायी डिंपल बंसल ने ग्राहकों को एचयूआईडी हॉलमार्क देखकर ही आभूषण खरीदने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे शुद्धता सुनिश्चित होती है और 91.6 तक की वापसी मिल सकती है। पर्व के चलते बाजार में पूरे दिन रौनक बनी रही।
अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी खरीदने से धन-समृद्धि में वृद्धि की मान्यता है। इसी मान्यता के चलते पूरे दिन सराफा की दुकानों पर चहल-पहल रही। इस वर्ष ग्राहकों का रुझान विशेष रूप से हल्के और रोजमर्रा के उपयोग वाले आभूषणों की ओर रहा। छुमकी, अंगूठी, बाली और पायल जैसे छोटे गहनों की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। व्यापारियों के अनुसार, यह प्रवृत्ति ग्राहकों की बदलती पसंद को दर्शाती है।