सोहावल। रौनाही थाने के पास स्थित हिना बिस्कुट फैक्टरी में शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा गत्ता, पन्नी तथा बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जलने लगी। आग की लपटें उठती देख फैक्टरी में काम कर रहे करीब आधा दर्जन कर्मचारी जान बचाकर बाहर भागे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन फैक्टरी में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे तक दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत की, तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा बड़ी मात्रा में सामान जल चुका था। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
जगनपुर निवासी फैक्टरी मालिक इजहार खान के चचेरे भाई आमिर खान फैक्टरी की देखरेख करते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले करीब एक सप्ताह से फैक्टरी की विद्युत आपूर्ति में समस्या चल रही थी। इसे दुरुस्त करने का काम कई दिनों से किया जा रहा था। घटना से कुछ समय पहले ही विद्युत व्यवस्था को ठीक किया गया था। आशंका है कि इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और गोदाम में आग भड़क उठी।