अयोध्या। मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि वित्तीय समावेशन अभियान ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के आर्थिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय सुझाए। अभियान का उद्देश्य बताते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों विशेषकर वंचित और ग्रामीण समुदायों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच और जनसुरक्षा योजनाओं में अधिकतम पंजीकरण सुनिश्चित करना है।
सीडीओ केंद्रीय वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग की ओर से से 30 सितंबर तक चलने वाले वित्तीय समावेशन संतृप्तीकरण अभियान-2025 के शुभारंभ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से मंगलवार को मसौधा ब्लॉक की खानपुर ग्राम पंचायत के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में इस अभियान के प्रदेश स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बैंक ऑफ बड़ौदा के लखनऊ अंचल प्रमुख व राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के संयोजक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा और प्रदेश में कार्यरत सभी बैंक वित्तीय समावेशन को एक सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में देखते हैं। अंतिम छोर तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। उन्होंने कृषि और एमएसएमई क्षेत्र में बैंकों की अन्य ऋण योजनाओं के बारे में बताया। साइबर फ्राड के बारे में जागरूक किया।
इस दौरान राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की उप महाप्रबंधक निधि कुमार, सहायक निदेशक संस्थागत वित्त संजय सिंह, जिला विकास अधिकारी महेंद्र देव, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख मुरली मनोहर, बैंक ऑफ बडौदा के क्षेत्रीय प्रमुख शशांक, यूपी ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अविनाश पलोड, पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल प्रमुख अवधेश तिवारी, यूको बैंक की अंचल प्रमुख प्रियंका यादव व इंडियन बैंक के जिला समन्वयक रामेंद्र ने अपने संस्थानों की वित्तीय समावेशन के लिए की जा रही पहल की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर डिजिटल बैंकिंग, जन धन खाते, आधार सीडिंग, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, बीमा योजनाएं व अटल पेंशन योजना जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जानकारी प्रदान की गई। ऑन द स्पॉट खाता खोलने और बीमा नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। आयोजन को सफल बनाने में अग्रणी जिला प्रबंधक गणेश शंकर यादव व जिला विकास प्रबंधक कमलेश यादव का सहयोग रहा। कार्यक्रम में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्र, बैंक मित्र, बैंक सखी, बीसी सखी, महिला स्वयं सहायता समूह के सदस्य व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।