अयोध्या। शंभू व खनौरी बार्डर पर बीते दिनों प्रदर्शन कर रहे किसानों पर बर्बरता पूर्वक लाठी चलाने, किसान नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध व किसानों की अन्य मांगों के समर्थन में उत्तर प्रदेश किसान सभा ने मंगलवार को तहसील सदर पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पंजाब की आप सरकार पर नाराजगी जताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार सदर को सौंपा।
किसान सभा के अध्यक्ष रामजी राम यादव व मंत्री अवधराम यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव अशोक तिवारी ने किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल व अन्य किसान नेताओं की गिरफ्तारी को अलोकतांत्रिक कदम बताया। किसानों के दमन पर रोक लगाने की मांग की। किसान नेता रामतीर्थ पाठक ने कहा कि देश का पेट भरने वाले अन्नदाताओं के साथ पंजाब की आप सरकार दुश्मनों जैसा व्यवहार कर रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक मया राम वर्मा ने कहा कि सरकारों ने किसानों को सिर्फ छलने का ही काम किया है। मजदूर नेता शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों के साथ आज मजदूरों के सामने भी संकट उत्पन्न हो गया है। भाजपा सरकार चार श्रम कोड के जरिए मजदूरों को गुलाम बनाने की कोशिश कर रही है। सभा को राम प्रकाश तिवारी, ओम प्रकाश यादव, यासीन बेग, अयोध्या प्रसाद तिवारी, मुजीब अहमद, दीपक वर्मा, बद्री प्रसाद यादव, घनश्याम यादव, राम अचल पाल, राम सागर, श्रीमती, राम पियारी, शीला, राम शब्द यादव, जगजीवन व रमेश यादव ने भी संबोधित किया।