अयोध्या। सावन झूला मेला, 17 अगस्त को सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी को देखते हुए जिले में शुक्रवार सुबह आठ बजे से बाहरी जिलों से आने वाले भारी वाहनों का डायवर्जन लागू होगा। ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर समेत अन्य मालवाहक वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे।
व्यवस्था 17 अगस्त रात 11 बजे तक लागू रहेगी। इसके बाद 23 अगस्त को फिर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। रोडवेज बसों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों को नहीं रोका जाएगा। हाईवे की एक लेन यात्रियों के आवागमन के लिए खुली रहेगी।
इन रास्तों से जाएंगे भारी वाहन
सुल्तानपुर से आने वाले वाहन कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट होंगे।
रायबरेली से आने वाले वाहन हलियापुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाएंगे।
आजमगढ़ और अंबेडकरनगर से आने वाले वाहन गोहन्ना मोड़-दोस्तपुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाएंगे।
बाराबंकी से आने वाले वाहन मिटरिया-रामसनेहीघाट-हैदरगढ़ होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाएंगे।
बस्ती से आने वाले वाहन लोलपुर से नवाबगंज (गोंडा) की ओर मोड़े जाएंगे।
गोंडा से आने वाले वाहन लकड़मंडी-लोलपुर होकर बस्ती की ओर डायवर्ट होंगे।
गोरखपुर से आने वाले वाहन लिंक एक्सप्रेसवे होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाएंगे।
गोरखपुर, संतकबीर नगर और बस्ती से आने वाले वाहन कलवारी-टांडा-अकबरपुर-दोस्तपुर होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाएंगे।
बलरामपुर, बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती से लखनऊ जाने वाले वाहन टिकोरा मोड़-चहलरी घाट रोड-सिधौली-सीतापुर मार्ग से जाएंगे।
कानपुर से आने वाले वाहन उन्नाव-मौरावां-मोहनलालगंज-गोसाईगंज-चांदसराय होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गोरखपुर की ओर जाएंगे।
आगरा एक्सप्रेसवे से लखनऊ आने वाले वाहन मोहान-जुनाबगंज-मोहनलालगंज-गोसाईगंज होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट होंगे।
सीतापुर और शाहजहांपुर से आने वाले वाहन आईआईएम रोड-दुबग्गा-आलमबाग-नहरिया-शहीद पथ-अहीमामऊ होकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे से यातायात प्रभावित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शुक्रवार को अयोध्या दौरे के चलते सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक श्रीराम अस्पताल से लता चौक तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस दौरान आसपास के मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।