अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। उनका यह दौरा पूरी तरह धार्मिक और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा। मुख्यमंत्री रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने के साथ ही रामजन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख संत ब्रह्मलीन महंत रामचंद्र दास परमहंस की 23वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा वह रायगंज स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर वहां के महंत को भी श्रद्धांजलि देंगे। मुख्यमंत्री करीब दो घंटे 45 मिनट अयोध्या में रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 12:20 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से वह सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचेंगे और भगवान हनुमान के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद 12:45 बजे हनुमानगढ़ी के इमली बाग में ब्रह्मलीन महंत संतराम दास को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर एक बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम दिगंबर अखाड़े में होगा। वह दोपहर 01:15 बजे ब्रह्मलीन महंत रामचंद्र दास परमहंस की 23वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से मुख्यमंत्री का काफिला रायगंज स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचेगा, जहां वह मंदिर के महंत को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री 02:50 बजे सरयू तट स्थित परमहंस की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 03: 05 बजे रामकथा पार्क हेलीपैड से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, दिगंबर अखाड़ा और संत रविदास मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।