तारुन/गौराघाट। घूरीटीकर गांव में भूमि विवाद की सूचना पर जांच करने पहुंची पुलिस टीम से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को नामजद करते हुए चार-पांच अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
गयासपुर चौकी पर तैनात आरक्षी पंकज कुमार ने तहरीर में बताया कि 10 अगस्त को राममूर्ति मौर्या ने खतौनी में दर्ज जमीन पर कुछ लोगों द्वारा दरवाजा खोलने की सूचना दी थी। इस पर आरक्षी पंकज कुमार और चौकी प्रभारी आफताब अंसारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि वहां रामतीरथ निषाद समेत आठ नामजद और कुछ अज्ञात लोगों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों ने आरक्षी पंकज कुमार को खींचकर कमरे में बंद कर दिया और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की।
चौकी प्रभारी आफताब अंसारी के साथ भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने पर आरक्षी को कमरे से बाहर निकाला गया। तारुन थाना प्रभारी लाल चंद सरोज ने बताया कि पुलिस टीम शिकायत की जांच के लिए मौके पर गई थी। इसी दौरान पुलिसकर्मी को घर के अंदर बंद किए जाने की बात सामने आई। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नामजद पक्ष की मंगला पत्नी राजेश कुमार ने पुलिस पर जबरन घर में घुसकर मारपीट करने और रामतीरथ निषाद को थाने ले जाकर पीटने का आरोप लगाया। मंगला का दावा है कि विरोध करने पर पुलिस ने उसके साथ मारपीट की, जिससे पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर डंडे के निशान पड़े हैं।