अयोध्या। शहर के भीतर सार्वजनिक परिवहन को और विस्तार देने की तैयारी लगातार जारी है। अगले सप्ताह लखनऊ से चार नई इलेक्ट्रिक सिटी बसें अयोध्या पहुंचेंगी। बसों के आते ही इन्हें प्रस्तावित दो रूटों पर लगाया जाएगा। इनमें साकेत ओवरब्रिज से गुप्तार घाट और साकेत ओवरब्रिज से सूर्यकुंड तक का मार्ग शामिल है। दोनों रूट रामपथ से होकर गुजरेंगे।
साकेत ओवरब्रिज से गुप्तार घाट तक बस करीब 18 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस सफर में लगभग 50 मिनट लगेंगे। मार्ग साकेत ओवरब्रिज से लता चौक, हनुमानगढ़ी, श्रीराम अस्पताल, टेढ़ी बाजार, रानोपाली क्रॉसिंग, उदया चौराहा, बेनीगंज चौराहा, साहबगंज पुलिस स्टेशन, चौक नियावां, रिकाबगंज, सिविल लाइन, बस स्टेशन और हनुमान मंदिर होते हुए गुप्तार घाट पहुंचेगा।
दूसरे रूट पर साकेत ओवरब्रिज से सूर्यकुंड तक करीब 22 किलोमीटर का सफर होगा। इसे पूरा करने में लगभग 60 मिनट लगेंगे। बस साकेत ओवरब्रिज से लता चौक, हनुमानगढ़ी, श्रीराम अस्पताल, टेढ़ी बाजार, रानोपाली क्रॉसिंग, उदया चौराहा, बेनीगंज, साहबगंज, चौक नियावां, रिकाबगंज, सिविल लाइन, जीआईसी, बजिरगंज, देवकाली बाईपास और मेडिकल कॉलेज होते हुए सूर्यकुंड जाएगी। मौजूदा शहर के अलग-अलग मार्गों पर 21 सिटी बसें संचालित हो रही हैं। चार नई बसें मिलने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।
चार नई इलेक्ट्रिक बसें अगले सप्ताह लखनऊ से मिलने की उम्मीद है। बसें आते ही प्रस्तावित रूट पर संचालन शुरू कराया जाएगा। इससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। -रवीश कुमार, एआरएम, सिटी बस