Ayodhya News: यूपी के अयोध्या में रामलला के दर्शन मार्ग पर उड़ रहे ड्रोन को गिराया गया है। ड्रोन एक शादी समारोह में उड़ाया जा रहा था। भीड़ वाले इलाके में ड्रोन की सूचना पर एंटी ड्रोन सिस्टम से तत्काल ड्रोन को गिरा दिया गया। घटना सोमवार की रात आठ बजे की बताई जा रही है। राम मंदिर को एंटी ड्रोन सिस्टम से लैस किया गया है।
2.5 किमी के क्षेत्र में कहीं भी उड़ रहे ड्रोन को एंटी ड्रोन सिस्टम से गिराया जा सकता है। ड्रोन कैमरा उड़ाने वाले की तलाश में पुलिस जुटी है। बम डिस्पोजल दस्ते ने ड्रोन कैमरे की सघन जांच की है। सब कुछ सामान्य पाया गया।
जांच में पता चला है कि ड्रोन राम जन्मभूमि परिसर के आसपास भीड़ का फोटो और वीडियो ले रहा था जो कि एंटी ड्रोन सिस्टम के जरिए नेटवर्क खत्म होने के बाद गिरा था। इसके ओनर की पहचान हो चुकी है। मामले में एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही ड्रोन उड़ाने वाले की भी गिरफ्तारी हो सकती है। बताया जा रहा है कि यूट्यूबर गुड़गांव का रहने वाला है।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामले में थाना राम जन्मभूमि में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि एंटी ड्रोन सिस्टम से ड्रोन को गिरा दिया गया। कोई भगदड़ जैसी स्थिति नहीं बनी थी। थाना राम जन्मभूमि की पुलिस जांच कर रही है।