अयोध्या। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मंगलवार को चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न चैनेजों पर चल रहे कार्यों की प्रगति जानी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मार्ग निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर कार्य को गति प्रदान करना था।
जिलाधिकारी ने चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण की प्रगति पर अधिशासी अभियंताओं से जानकारी ली। उन्होंने पाया कि मार्ग के एक बड़े हिस्से में ग्रेनुलर स्तर तक का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष भागों में रिटेनिंग वॉल, ड्रेन/डक्ट और सब-बेस का कार्य प्रगति पर है। कुछ स्थानों पर भूमि अधिग्रहण और विस्थापन संबंधी विवादों के कारण कार्य बाधित पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (नगर) को निर्देशित किया कि विवादित प्रकरणों का उपजिलाधिकारी सदर के माध्यम से शीघ्र निस्तारण कराएं ताकि मार्ग निर्माण के लिए स्थान उपलब्ध हो सके।
निर्माण में तेजी और बाधाओं के निवारण पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विशेष रूप से श्री विघ्नेश्वरनाथ मंदिर के इंटर प्रीटेशन वॉल को आरओडब्ल्यू (रोड ऑफ वे) से बाहर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह निर्माण कार्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। भरतपुरी कालोनी मार्ग में प्रभावित होने वाले हिस्से के विस्थापन के लिए नगर निगम से समन्वय स्थापित करने और मंगल पांडेय चौराहे पर विचाराधीन प्रकरणों में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया। रेलवे बाउंड्रीवॉल के विस्थापन के लिए रेलवे विभाग से एनओसी प्राप्त करने और सीवर मैनहोल राइजिंग के कार्य को शीघ्र पूरा कर हाउस कनेक्शन का कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।