09- विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम में मौजूद कार्यक्रम के पदाधिकारी- विभाग
अयोध्या। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के तहत शनिवार को एनआईसी, कलेक्ट्रेट परिसर में पीपीटी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने जनसांख्यिकीय लाभांश एवं मानव पूंजी विकास विषय पर अपनी प्रस्तुतियां दीं और विचार रखे। प्रतियोगिता में दिव्या शुक्ला ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जीनत दूसरे और हर्ष सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने देश की युवा आबादी की क्षमता, कौशल विकास और मानव संसाधन के बेहतर उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी समझ प्रस्तुत की। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया कि युवाओं की प्रतिभा और कौशल का सही दिशा में उपयोग विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में गठित निर्णायक मंडल ने किया। निर्णायक मंडल में साकेत पीजी कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. असीम त्रिपाठी, रामायण यूनिवर्सिटी की बिजनेस मैनेजमेंट डीन डॉ. सविता ओझा तथा अर्थशास्त्र एवं ग्रामीण विकास विभाग के डॉ. विशाल कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।
कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषिपाल सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी मवई ललित तिवारी ने किया।