2-विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यशाला में मौजूद आयकर विभाग के अधिकारी व अन्य।-विभाग
अयोध्या। विकास भवन सभागार में सोमवार की देर शाम आयकर विभाग की ओर से कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें मौजूद लखनऊ के अपर आयकर आयुक्त (टीडीएस) सौरभ दुबे ने स्रोत पर आयकर की कटौती व संग्रहण (टीडीएस/टीसीएस) के प्रावधानों में हुए बदलाव के बारे में जानकारी दी।
आयकर अधिकारी (टीडीएस) सरल सिंह ने आयकर अधिनियम, 1961 के अंतर्गत टीडीएस/टीसीएस से जुड़े प्रावधानों के प्रति टीडीएस डिडक्टर्स (स्रोत पर कर कटौतीकर्ताओं) को अवगत कराया और उनकी समयबद्ध जिम्मेदारियों की जानकारी दी। इस दौरान स्रोत पर आयकर कटौती, कर कटौती के बाद उसे उचित समय में केंद्र सरकार के खाते में जमा करने, सही समय पर त्रैमासिक ई-फाइलिंग करने, गलत ई-फाइलिंग और अनुचित रिफंड लेने पर होने वाली कार्रवाइयों के बारे में बताया गया।
उन्होंने टीडीएस डिफॉल्ट में होने वाली विभिन्न प्रकार की गलतियों से कर कटौतीकर्ताओं को अवगत कराया और उनके सुधार व बकाया मांग जमा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। इस मौके पर आयकर निरीक्षक संजीत कुमार वर्मा, कार्यालय अधीक्षक धर्मेंद्र मिश्रा आदि मौजूद रहे।