अयोध्या पहुंचे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के गुरु के निधन पर शोक जताया। राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर एसआईटी जांच, सरकार और कानून व्यवस्था पर भरोसा जताया। आगे पढ़ें पूरी खबर...
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका संतों और श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह केवल पाप नहीं, बल्कि महापाप है। उन्होंने कहा कि जो भी इस कृत्य में दोषी होगा, उसे कानून के तहत सजा मिलेगी और भगवान भी उसे उसके कर्मों का दंड देंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि उन्हें एसआईटी की जांच, देश की कानून व्यवस्था और सरकार पर पूरा भरोसा है। जांच निष्पक्ष होगी और सभी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने यह भी आरोप लगाया कि देश में संतों, महंतों, मठों और मंदिरों के खिलाफ सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों का उद्देश्य लोगों की धार्मिक आस्था और श्रद्धा को कमजोर करना है, इसलिए समाज को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह के भ्रम या दुष्प्रचार में नहीं आना चाहिए। सत्य सामने आएगा और दोषियों को कानून के साथ-साथ ईश्वर का भी दंड मिलेगा। धीरेंद्र कृष्ण ने हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमानगढ़ी के मुख्य पुजारी राजू दास के गुरु महंत संतराम दास के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उनके निधन को संत परंपरा की अपूर्णीय क्षति बताया।