खजुरहट। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट पेट्रोल पंप के पास प्रयागराज हाईवे पर सोमवार रात करीब 01:30 बजे श्रद्धालुओं के वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र के करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
खजुरहट पेट्रोल पंप के पास हाईवे के किनारे रेस्टोरेंट। यहां अक्सर बड़े वाहन खड़े रहते हैं। सोमवार रात को ट्रक खड़ा होने के चलते श्रद्धालुओं के निजी वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। हादसे में विशाखापट्टनम निवासी अन्नू पराना (35), केश नायडू (52), कलावती (70), श्यामला राय (72), साई कृष्णा (45), राजरा आंध्र प्रदेश निवासी ज्ञानपती (52), प्रभा देवी, महाराष्ट्र निवासी नीतू देवी (50), परमसुख राठी (78), नितिन राठी (48), सुनीता (47), राजनगर बिहार निवासी रामविलास पासवान (35) घायल हो गए । इनके अलावा कुछ बच्चों को भी चोटआई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दो एंबुलेंस से घायलों को कई चक्कर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर लाया गया। एक घायल श्रद्धालु और उनके परिजनों ने बताया कि वह लोग प्रयागराज से करीब सात घटे सफर तय करके खजुरहट पहुंचे थे। सुल्तानपुर में कई जगह पुलिस ने डायवर्ट किया। अतिरिक्त समय और खर्चा ज्यादा हुआ, भोजन भी नसीब नहीं हुआ।
एक माह में हो चुके तीन हादसे
खजुरहट पेट्रोल पंप के पास हाईवे के किनारे रात में अक्सर ट्रक खड़े होते हैं। महाकुंभ स्नान शुरू होने के बाद तीन सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें करीब दो दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। 14 जनवरी को पेट्रोल पंप के सामने हुए हादसे में 10 लोग घायल हुए थे। झारखंड और गुजरात के दर्शनार्थियों की कार से जबरदस्त टक्कर हो गई थी। इसमें कई लोग घायल हुए थे। हाईवे टू लेन होने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।