मसौधा। पूराकलंदर थानां क्षेत्र के अंतपुर स्थित एक दुकान से चोरों ने लॉकर का ताला तोड़कर नकदी, चांदी के सिक्के व कागजात पार कर दिए। क्षेत्र के बभनगवां निवासी राम प्रसाद तिवारी ने दर्ज एफआईआर में बताया कि आठ फरवरी को उनकी गिट्टी-मोरंग की दुकान पर दोपहर में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आया।
दुकान पर किसी को न देखकर काउंटर की तरफ गया और लॉकर का ताला तोड़कर उसमें रखे 68,000 रुपये नकद, चांदी के चार सिक्के और कागजात चोरी कर लिए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। चोरी करने वाला युवक नीले रंग का पैंट, काले रंग का जूता और भूरे रंग की जैकेट पहने था। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके चोरों की तलाश की जा रही है।